टीआरपी। attendance on the online biometric machine: मंत्रालय में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति के लिए बायोमेट्रिक मशीन सिस्टम अनिवार्य कर देने के बाद अब स्कूलों में भी शिक्षकों और कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन पर दर्ज करनी होगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि बच्चों की बेहतर शिक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।


यह निर्देश शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने डीईओ, बीईओ और बीआरसी अधिकारियों को दिया है। अक्सर शिकायतें आतीं थीं कि शिक्षक स्कूल से नदारद रहते हैं, फिर भी रजिस्टर में उनकी उपस्थिति दर्ज होती है। भविष्य में शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार हो सके इसलिए शिक्षा मंत्री ने यह निर्णय लिया है।


रायपुर संभाग के स्कूल शिक्षा विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक महासमुंद के जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में सचिव स्कूल शिक्षा विभाग सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आयुक्त समग्र शिक्षा डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डीईओ, डीएमसी, बीईओ एवं बीआरसी उपस्थित रहे।

See also  दुर्लभ संयोग : 296 साल बाद 26 दिसंबर को शुभफल वाला सूर्य ग्रहण


तीन वर्षीय समग्र कार्ययोजना बनाने के निर्देश


मंत्री यादव ने सभी जिलों को अगले तीन वर्षों के लिए एक समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय अधोसंरचना के मजबूत विकास, शैक्षणिक माहौल के संवर्धन और शिक्षण गुणवत्ता में ठोस सुधार को प्राथमिकता दी जाए। मंत्री ने सभी जिलों को मासिक परीक्षा की सतत निगरानी, ब्लूप्रिंट आधारित अध्ययन, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और कुशल शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण अध्यापन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।


बेसिक लर्निंग पर विशेष फोकस


मंत्री ने कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए धारा- प्रवाह हिंदी पढ़ने को बढ़ावा देने हेतु विशेष योजना तैयार करने को कहा। साथ ही माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर विद्यार्थियों की बेसिक गणित और अंग्रेजी दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए।