टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में दिसंबर की शुरुआत होते ही प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में ठंड तेजी से बढ़ी है। अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री, रायपुर में 12 से 13 डिग्री और दुर्ग में 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। पिछले तीन से चार दिनों में इन क्षेत्रों में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आई है। मैनपाट में रात का पारा 4 डिग्री से नीचे चला गया, जहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद ठंड में हल्की कमी आ सकती है। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। रायपुर में नगर निगम ने कई स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
रायगढ़ जिले में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी जा रही है। 5 दिसंबर तक जिले में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आसमान में बादल छाए रहने से दिन में भी हल्की ठंड महसूस हो रही है। पिछले दो दिनों में ठंड में और तेजी आई है। सुबह के समय न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सर्दी काफी बढ़ गई, जबकि दोपहर की धूप से थोड़ी राहत मिल रही है। शाम ढलते ही लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं और अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है तथा न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।


