टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। घटना NH-43 पर पतराटोली के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना दुलदुला थाना क्षेत्र की है।
मृतक चराईडांड़ इलाके के एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार सभी युवक कुनकुरी से जशपुर की ओर लौट रहे थे। वे एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और देर रात घर लौटते समय यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बाद घर पहुंचने की जल्दी में कार तेज रफ्तार में थी। पतराटोली के पास खड़े ट्रेलर को अचानक सामने देखकर ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके परिणामस्वरूप कार सीधी ट्रेलर से जा टकराई।
पुलिस के पहुंचने पर सभी शव कार के अंदर फंसे मिले। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए दुलदुला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दुलदुला थाना प्रभारी केके साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों से संपर्क कर मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



