रायपुर। छत्तीसगढ़ में फ्लाइट रद्द होने की बढ़ती घटनाओं के बीच एक सिविल सोसायटी ग्रुप ने इंडिगो एयरलाइंस को कानूनी नोटिस भेजा है। संगठन ने मांग की है कि कैंसिल हुई उड़ानों के यात्रियों को टिकट की कीमत के दस गुना तक मुआवजा दिया जाए। समूह ने शिकायत प्रधानमंत्री तक भेजते हुए इंडिगो पर 9000 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाने की भी मांग रखी है।

रायपुर से कई उड़ानें रद्द

मंगलवार सुबह रायपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इसी के साथ ही मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली चार उड़ानें भी रद्द हुईं। वहीं फ्लाइटें बंद होने के बाद यात्रियों की भीड़ अब ट्रेन और बस अड्डों पर बढ़ गई है।

रायपुर एयरपोर्ट पर सन्नाटा

सोमवार को रायपुर एयरपोर्ट से इंडिगो की आठ उड़ानें रद्द हुईं। इनमें दो मुंबई, दो हैदराबाद और बेंगलुरु, भोपाल, कोलकाता और दिल्ली की एक-एक उड़ान शामिल हैं। पिछले चार दिनों में सिर्फ रायपुर से 64 फ्लाइटें रद्द हो चुकी हैं। वहीं पूरे देश में पांच दिनों में 3000 से अधिक उड़ानें रद्द होने का रिकॉर्ड सामने आया है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। रायपुर एयरपोर्ट डायरेक्टर भी जानकारी देने से बच रहे हैं।

See also  Raipur Flower Exhibition: गांधी उद्यान में रंग बिरंगे फूलों की प्रदर्शनी आज से, सेल्फी जोन भी,सीएम करेंगे शुभारंभ

सिविल सोसायटी की चेतावनी

समायोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द होना यात्रियों के अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। नोटिस में कहा गया है कि यात्रियों को पहले से सूचना नहीं दी गई, कैंसिलेशन का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया जिससे हजारों लोगों को आर्थिक और मानसिक नुकसान हुआ। यात्रा योजनाएं बिगड़ने से लेकर होटल बुकिंग, वैकल्पिक यात्रा खर्च और मेडिकल अपॉइंटमेंट्स तक कई मामलों में यात्रियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। जिसे देखते हुए संगठन ने एयरलाइंस को पांच दिनों की समयसीमा देते हुए मुआवजा देने की मांग की है।