Parliament Winter Session: संसद के शीतकालीन सत्र में मंगलवार को चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और RSS पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष बराबरी की बात नहीं करता, बल्कि hierarchy में विश्वास करता है और खुद को शीर्ष पर रखना चाहता है।

सदन में हंगामा, रिजिजू ने टोका

राहुल गांधी जैसे ही चुनाव सुधारों की बहस शुरू करके RSS, महात्मा गांधी और गोडसे जैसे मुद्दों की ओर मुड़े, सदन में हंगामा शुरू हो गया। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि वे चुनाव सुधारों पर चर्चा सुनने के लिए बैठे हैं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष विषय से भटक रहे हैं। रिजिजू ने उनसे कहा कि मुद्दे पर बोलें।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक कपड़े की तरह है, जिसकी बुनावट लोगों से बनती है। उन्होंने कहा कि अगर वोट सुरक्षित नहीं रहेगा तो पूरा लोकतांत्रिक ढांचा लोकसभा, राज्यसभा, सभी राज्य विधानसभा खतरे में पड़ जाएगा।

See also  राजनीति के लिए गलत इस्तेमाल के चलते ED ने अपनी विश्वसनीयता खो दी है - सिंहदेव

उन्होंने आरोप लगाया कि गोडसे ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या की थी, और आज RSS संस्थाओं पर कब्जा जमाने का प्रयास कर रहा है। राहुल के अनुसार, RSS को समानता से परेशानी है और वह संवैधानिक संस्थाओं पर प्रभाव बढ़ाकर संरचना को अपनी सोच के हिसाब से ढालना चाहता है।

विपक्ष की मांग: SIR पर जवाब दे सरकार

लोकसभा में यह चर्चा चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर हो रही थी। विपक्ष लंबे समय से आरोप लगा रहा है कि कई राज्यों में वोटर लिस्ट में गंभीर गड़बड़ियां हैं और SIR प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि अगर मतदाता सूची ही संदिग्ध हो जाए तो लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो जाएंगी।

राहुल गांधी ने कहा कि वोट बचाना लोकतंत्र की पहली शर्त है, और बिना निष्पक्ष वोट के चुनाव सुधार या किसी भी संस्थागत सुधार का कोई मतलब नहीं।