टीआरपी डेस्क। राजस्थान हाईकोर्ट को लगातार तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार सुबह परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा मेल मिलने के बाद आज फिर ऐसे ही संदेश के जरिए हाईकोर्ट को उड़ाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और परिसर की गहन जांच शुरू की।

सुबह 8 बजे से बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने सत्यमेव जयते भवन सहित पूरे हाईकोर्ट परिसर की दो बार पूरी तरह से तलाशी ली। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और परिसर को सुरक्षित घोषित किया गया। सुरक्षा एजेंसियों की पुष्टि के बाद सुबह 11:30 बजे से सभी अदालतों की नियमित कार्यवाही शुरू की गई।

गौरतलब है कि दो दिनों से लगातार राजस्थान हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है, जबकि 11 दिसंबर को बार एसोसिएशन के चुनाव होने हैं। इससे पहले भी 31 अक्टूबर और 5 दिसंबर को इसी तरह की धमकियां दी गई थीं। सावधानी के तौर पर सुरक्षा बलों ने परिसर को समय-समय पर खाली कराया।

See also  1st April : सोने-चांदी, सिगरेट से लेकर इन चीजों के दामों में हुई बढ़ोतरी, जानें क्या होगा सस्ता-महंगा

पिछले छह हफ्तों में यह पांचवीं बार है जब हाईकोर्ट को धमकी भरा मेल मिला है। 31 अक्टूबर, 5 दिसंबर, 8 दिसंबर और 9 दिसंबर को भी इसी तरह के संदेश मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। लगातार मिल रही इन फर्जी धमकियों ने अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।