टीआरपी डेस्क। Rupee vs Dollar : आज (गुरुवार) फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 54 पैसे लुढ़ककर अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 90.48 पर पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन के मार्च 2026 तक भारत-अमेरिका व्यापार समझौता होने की संभावना जताने वाली टिप्पणियों से मुद्रा बाजार में यह हलचल देखने को मिली है।

आज इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपये की शुरुआत 89.95 पर हुई, लेकिन जल्द ही यह फिसलते हुए 90.48 के नए रिकॉर्ड स्तर पर जा पहुंचा। यह गिरावट पिछले बंद भाव की तुलना में 54 पैसे अधिक रही, जबकि बुधवार को रुपया 89.87 के स्तर पर बंद हुआ था।

मुद्रा विशेषज्ञों का कहना है कि व्यापार समझौते पर संभावित प्रगति की खबरों के साथ मेक्सिको द्वारा भारत सहित कई एशियाई देशों से आयात पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की घोषणा ने भी रुपये की गिरावट को तेज किया। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली के अनुसार, अमेरिका और जापान में दीर्घकालिक ब्याज दरें बढ़ना भी रुपये के लिए प्रतिकूल साबित हो रहा है।

See also  टीआरपी ब्रेकिंग : नामांकन से पहले बीजेपी में घमासान,दफ्तर में घुसने नहीं दे रहे कार्य​कर्ता,गेट पर डटे

इसी बीच, अमेरिका ने दो दिवसीय वार्ता के दौरान भारत से अब तक के ‘सबसे बेहतर’ प्रस्ताव मिलने की बात कही है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने बताया कि कृषि क्षेत्र, खासकर पंक्तिबद्ध फसलों और मांस उत्पादों पर भारत के रुख से बातचीत में कुछ चुनौतियां सामने आई हैं। अमेरिका की इन फसलों में मक्का, सोयाबीन, गेहूं और कपास शामिल हैं।

वैश्विक बाजारों में भी हलचल जारी है। फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती के बाद डॉलर इंडेक्स 0.17 प्रतिशत फिसलकर 98.61 पर आ गया। वहीं, ब्रेंट क्रूड 1.17 प्रतिशत गिरकर 61.48 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। घरेलू शेयर बाजार में मजबूती देखने को मिली, जहां सेंसेक्स 443.66 अंक चढ़कर 84,834.93 पर और निफ्टी 141.05 अंक बढ़कर 25,899.05 पर पहुंच गया। दूसरी ओर, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 1,651 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव का दबाव बना रहा।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।