टीआरपी डेस्क। फुटबॉल जगत के सबसे बड़े सितारों में शामिल लियोनेल मेसी का कोलकाता दौरा यादगार बनने के बजाय अव्यवस्था और हंगामे की भेंट चढ़ गया। सॉल्ट लेक स्थित विवेकानंद युवभारती स्टेडियम में आयोजित GOAT इंडिया टूर के पहले कार्यक्रम में हालात बेकाबू हो गए। हजारों की संख्या में पहुंचे प्रशंसकों ने जमकर उत्पात मचाया।

दरअसल मेसी को देखने की चाह में फैंस घंटों पहले स्टेडियम पहुंच चुके थे, लेकिन कार्यक्रम शुरू होते ही एंट्री, बैठने की व्यवस्था और विजिबिलिटी को लेकर भारी अव्यवस्था सामने आई। कई दर्शकों को यह अहसास हुआ कि उन्हें अपने पसंदीदा फुटबॉल स्टार की झलक तक नहीं मिल पाएगी। इसी निराशा ने धीरे-धीरे नाराजगी का रूप ले लिया।

स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब गुस्साए फैंस ने स्टेडियम के भीतर पोस्टर और होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचाया, बोतलें फेंकीं और विरोध शुरू कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। अफरा-तफरी के बीच मेसी को अन्य वीवीआईपी मेहमानों के साथ कड़ी सुरक्षा में बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के मुताबिक, मेसी स्टेडियम में 10 मिनट से भी कम समय तक मौजूद रह पाए।

See also  44 अरब डॉलर खर्च कर Twitter के मालिक बने Elon Musk, सिक्योरिटी और ट्रांसपेरेंसी में करेंगे इंप्रूवमेंट

इस पूरे घटनाक्रम से सबसे ज्यादा मायूस वे प्रशंसक रहे, जिन्होंने घंटों इंतजार करने के बावजूद अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान को देखना नसीब नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर स्टेडियम के अंदर की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें धक्का-मुक्की, तोड़फोड़ और अव्यवस्था साफ नजर आ रही है।

लियोनेल मेसी का GOAT इंडिया टूर 13 दिसंबर से कोलकाता में शुरू हुआ है। यह उनका 2011 के बाद भारत का पहला दौरा है। इस टूर में उनके साथ इंटर मियामी के खिलाड़ी लुइस सुवारेज़ और रोड्रिगो डी पॉल भी शामिल हैं। चार शहरों में तीन दिनों तक चलने वाले इस दौरे में फैन मीट और विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं।

मेसी देर रात करीब 2:30 बजे कोलकाता पहुंचे थे। सुबह लगभग 11 बजे जब वे स्टेडियम पहुंचे, तो फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया। हालांकि भीड़ और खराब इंतजामों के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया और उन्हें जल्दी रवाना होना पड़ा। इससे पहले मेसी की मुलाकात बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान से भी हुई।

See also  पुलिस अपने कर्तव्यों के साथ अर्जित कर रही हैं राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

टूर के अगले चरण में 13 दिसंबर की शाम हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में एग्जिबिशन मैच और फुटबॉल क्लिनिक का आयोजन होगा। 14 दिसंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इवेंट और फैशन शो रखा गया है। 15 दिसंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ इस टूर का समापन होगा।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।