टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड को देखते हुए दुर्ग जिले में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए बताया कि जिले के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में नई समय-सारिणी शनिवार 13 दिसंबर से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है, जो 15 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी।

नई व्यवस्था के तहत प्राइमरी स्कूलों की पहली पाली सुबह 8 बजे से संचालित होगी, जबकि हायर सेकेंडरी स्कूलों की दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला बच्चों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

पिछले कुछ दिनों से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। इनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा, जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव शामिल हैं। मैनपाट में रात का तापमान 4 डिग्री से नीचे चला गया, जहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गईं।

See also  आर्केस्ट्रा में डांस के नाम पर ले जाई गईं लड़कियों से कराया गया देह व्यापार, छत्तीसगढ़ की 5 लडकियां पटना में बरामद

अन्य शहरों की बात करें तो अंबिकापुर में 5.3°C, पेंड्रा में 8.6°C, जगदलपुर और दुर्ग में 8.2°C, जबकि राजनांदगांव में 9.0°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 29.5°C राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।