टीआरपी डेस्क। IPL 2026 Auction : आईपीएल नीलामी में कैमरन ग्रीन पर पैसों की बरसात देखने को मिली। दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ नीलामी में उतरे ग्रीन को लेकर शुरुआत में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला दिखा। कुछ ही देर में कोलकाता नाइट राइडर्स भी इस रेस में शामिल हो गई। बोली लगातार बढ़ती गई और राजस्थान भी आसानी से पीछे हटने को तैयार नहीं दिखा। ग्रीन की कीमत 13 करोड़ रुपये के पार पहुंचते ही नीलामी और रोमांचक हो गई। इसी दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने भी दावेदारी पेश की, जिससे केकेआर और सीएसके के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली। आखिरकार कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये की भारी भरकम बोली लगाकर कैमरन ग्रीन को अपनी टीम में शामिल कर लिया।

वहीं नीलामी के पहले सेट में कुछ बड़े नामों पर टीमें सतर्क नजर आईं। सबसे पहले जैक फ्रेजर मैकगर्क दो करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे, लेकिन किसी फ्रेंचाइजी ने उन पर बोली नहीं लगाई और वह अनसोल्ड रहे। इसके बाद डेविड मिलर की एंट्री हुई, जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने आधार मूल्य दो करोड़ रुपये में खरीद लिया।

See also  UPSC CSE 2023 : सात साल की महेनत ने बनाया IAS, जानें कौन है आदित्य श्रीवास्तव, देखें वायरल Video

पृथ्वी शॉ 75 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ नीलामी में आए, लेकिन उन्हें भी किसी टीम ने नहीं चुना। डेवॉन कॉनवे, जिनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था, वह भी फिलहाल बिना खरीदार के रह गए। इसी तरह सरफराज खान 75 लाख रुपये के आधार मूल्य के साथ उतरे, लेकिन शुरुआत में किसी टीम की दिलचस्पी न दिखने के कारण वह भी अनसोल्ड रहे।