टीआरपी डेस्क। ढाका स्थित भारतीय दूतावास की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच भारत सरकार ने बुधवार को दिल्ली में बांग्लादेश के उच्चायुक्त को तलब किया। यह कदम बांग्लादेश की राजधानी ढाका में भारतीय मिशन के बाहर पिछले कुछ दिनों से जारी विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर उठाया गया है।

विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश के भारत में उच्चायुक्त एम. रियाज हमीदुल्लाह को बुलाकर ढाका में भारतीय मिशन की सुरक्षा व्यवस्था और हालिया घटनाक्रमों को लेकर भारत की गंभीर चिंताओं से अवगत कराया। सूत्रों के अनुसार, भारतीय पक्ष ने औपचारिक रूप से बांग्लादेश सरकार से दूतावास की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।

बताया गया है कि ढाका में भारतीय मिशन के बाहर बीते कुछ दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, जिससे दूतावास की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। इस पृष्ठभूमि में भारत ने कूटनीतिक स्तर पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन्स पार्टी के नेता हसनत अब्दुल्लाह के भारत विरोधी बयान सार्वजनिक हुए हैं। एक भाषण में उन्होंने भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए अलगाववादी तत्वों को शरण देने जैसी धमकियां दी थीं। भारत विरोधी बयानों और ढाका में भारतीय उच्चायुक्त को मिल रही कथित धमकियों के बाद भारत ने यह कदम उठाया है।

See also  IAS टीना डाबी को मिला नया लाइफ पार्टनर,अपने से 13 साल बड़े IAS से अप्रैल में दूसरी शादी करेंगी UPSC टॉपर

गौरतलब है कि यह मामला बांग्लादेश के विजय दिवस के एक दिन बाद सामने आया है। विजय दिवस 1971 के युद्ध में भारत की भूमिका और बांग्लादेश की स्वतंत्रता की स्मृति में मनाया जाता है। इससे एक दिन पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बांग्लादेश को विजय दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन, अंतरिम सरकार और बांग्लादेश की जनता को बधाई दी थी।