टीआरपी डेस्क। SMAT 2025 Final : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा के खिलाफ तूफानी शतक जड़ा। ईशान ने खिताबी मुकाबले में 49 गेंदों पर 101 रनों की जबरदस्त पारी खेलकर न सिर्फ टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।
ईशान किशन के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 बेहद यादगार रही। उन्होंने कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में शानदार खेल दिखाया। पूरे टूर्नामेंट में ईशान ने 10 मैचों में 262 गेंदों पर 517 रन बनाए। उनका औसत 57.44 रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 197 से ज्यादा का रहा। इस दौरान उन्होंने 51 चौके और 33 छक्के जड़े।
इस सीजन ईशान टूर्नामेंट में 500 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बने। फाइनल में शतक लगाने के साथ ही वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज और पहले कप्तान बने। इस पारी के दम पर उन्होंने संजू सैमसन का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
ईशान किशन अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम अब टी20 में 5 शतक हो गए हैं, जबकि संजू सैमसन के नाम 4 शतक हैं। इसी के साथ ईशान टी20 में विकेटकीपर बल्लेबाजों की सूची में कामरान अकमल के बराबर पहुंच गए हैं।
फाइनल मुकाबले में ईशान ने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 177 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी भी की। यह साझेदारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल की सबसे बड़ी साझेदारी है और टी20 फाइनल मुकाबलों में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी मानी जा रही है।
इसके अलावा ईशान किशन ने सिक्स हिटिंग में भी नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने एक ही सीजन में 33 छक्के लगाकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बनने का कारनामा किया। इस मामले में उन्होंने सलिल आरोड़ा और अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया।



