टीआरपी डेस्क। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शनिवार को रक्षा मंत्रालय में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर बेंगलुरु की एक कंपनी से 3 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है।
CBI ने शर्मा के दिल्ली स्थित घर से 2.36 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं। उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। श्रीगंगानगर में काजल के घर से 10 लाख रुपये बरामद हुए हैं। काजल डिवीजन ऑर्डिनेंस यूनिट श्रीगंगानगर में कमांडिंग ऑफिसर हैं।
इस मामले में बिचौलिया विनोद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को 23 दिसंबर तक CBI हिरासत में भेजा गया है।
मामला 19 दिसंबर को मिली सूचना पर दर्ज किया गया। CBI के अनुसार लेफ्टिनेंट कर्नल पर रक्षा उत्पादों के निर्माण एवं निर्यात से जुड़ी निजी कंपनियों को अवैध लाभ पहुंचाने का आरोप है।
जांच में पता चला कि बेंगलुरु की कंपनी के प्रतिनिधि राजीव यादव एवं रवजीत सिंह शर्मा के संपर्क में थे तथा सरकारी विभागों से अवैध लाभ दिलाने की कोशिश कर रहे थे। विनोद कुमार ने कंपनी के कहने पर 18 दिसंबर को शर्मा को 3 लाख रुपये रिश्वत दी।
CBI ने श्रीगंगानगर, बेंगलुरु, जम्मू एवं दिल्ली सहित कई स्थानों पर तलाशी ली। शर्मा के घर से 3 लाख रुपये सहित 2.23 करोड़ नकद एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। उनकी पत्नी के घर एवं कार्यालय में भी तलाशी जारी है।
रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने ANI को बताया कि यह कार्रवाई भारत सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है। सेना अधिकारी की गिरफ्तारी से स्पष्ट है कि सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए हर स्तर पर प्रयासरत है।



