टीआरपी डेस्क। राजस्थान की राजधानी जयपुर के चौमू क्षेत्र में गुरुवार देर रात अचानक हिंसा भड़क उठी। धार्मिक स्थल के पास पड़े पत्थरों को हटाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बवाल में बदल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस पर ही पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को काबू में करने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि चौमू बस स्टैंड के पास स्थित एक मस्जिद के बाहर पड़े पत्थरों को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद आधी रात के आसपास इलाके में तनाव फैल गया। हालात बिगड़ने पर जयपुर पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। घटना के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

See also  वैक्सीनेशन पर केंद्र से फिर सुप्रीम कोर्ट ने किया सवाल.... 35 हजार करोड़ का फंड कहां-कहां किया खर्च

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने चौमू में 26 दिसंबर सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर सुबह 7 बजे तक इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं, ताकि अफवाहों पर रोक लगाई जा सके।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संबंधित धार्मिक स्थल के पास सड़क किनारे करीब 45 वर्षों से पत्थर पड़े हुए थे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन द्वारा इन्हें हटाने का कार्य किया जा रहा था। इस संबंध में पहले ही संबंधित समुदायों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर सहमति ली गई थी।

पत्थर हटाने का काम पूरा होने के बाद जैसे ही वहां रेलिंग लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई, कुछ लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।