टीआरपी डेस्क। बस्तर जिले से सनसनीखेज घटना सामने आई है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी धारदार हथियार से घायल हो गई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसी साजिश के तहत हमला किया गया है या घटना के पीछे कोई और कारण है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद आज सुबह करीब 8 बजे घायल महिला को जगदलपुर स्थित महारानी अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर बताते हुए तत्काल आईसीयू में भर्ती किया। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
सिटी पुलिस स्टेशन, जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार दोनों हाथों की नसें कटने के साथ गले पर भी चोट के निशान हैं। अभी तक घटना के संबंध में सटीक जानकारी सामने नहीं आई है।

बताया गया कि अस्पताल में भर्ती के दौरान पीड़िता बोलने की स्थिति में नहीं थीं। पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजनों से पूछताछ जारी है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।



