टीआरपी डेस्क। राजस्थान के जयपुर जिले के चौमूं में 26 दिसंबर 2025 को हुई हिंसा के बाद अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में अवैध निर्माणों को ढहाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि, चौमूं में कुछ दिन पहले मस्जिद के बाहर रेलिंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई थी। प्रदर्शनकारियों की ओर से की गई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जबकि हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे। हिंसा के बाद से पुलिस और प्रशासन सतर्क है और अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

31 दिसंबर तक दी गई थी जवाब की मोहलत

प्रशासन ने मस्जिद के आसपास अतिक्रमण की जद में आने वाली दुकानों और मकानों के बाहर पहले ही नोटिस चस्पा किए थे। नोटिसों में संबंधित लोगों को 31 दिसंबर तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आज सुबह से कार्रवाई शुरू कर दी गई और बुलडोजर से अवैध निर्माण गिराए जा रहे हैं।

See also  राजनांदगांव से अलग होकर बनने वाले नये जिले का नाम मोहला-मानपुर-चौकी होगा

स्थानीय प्रशासन इमाम चौक क्षेत्र में बने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि नगर परिषद द्वारा चिन्हित अतिक्रमणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहा है।

जयपुर पश्चिम के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता ने बताया कि नगर परिषद द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कुल 19 से 20 नोटिस जारी किए गए थे और सभी चिन्हित अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के अवैध अतिक्रमणों पर भी कार्रवाई की जा रही है।