टीआरपी। Raipur Municipal Corporation : मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में दूषित जल पीने से उल्टी दस्त से 16 लोगों की मृत्यु हो गई और अनेक लोग गंभीर रूप से बीमार हुए। इस भयावह घटना से रायपुर नगर निगम के अधिकारी भी भयभीत हैं। कहीं इंदौर जैसी घटना की पुनरावृत्ति रायपुर में न हो जाए। इससे सबक लेकर नगर निगम के कुछ इलाकों में जल की जांच की जा रही है, ताकि दूषित जल की आशंका होने पर उस इलाके में दूषित जल को शुद्ध करके आपूर्ति की जा सके। इसके लिए घर-घर जाकर जल में क्लोरिन की मात्रा की जांच की और समझाइश दी कि शुद्ध जल का उपयोग करें। दूषित जल की संभावना होने पर तुरंत नगर निगम को सूचित करें।
नाली में पानी की पाईप लाइन न हो
नगर निगम जल विभाग के कर्मचारियों ने रविवार को सुबह महर्षि वाल्मीकि वार्ड में सेल्स टैक्स कॉलोनी महामाया विहार, पिंक सिटी, गायत्री नगर, विजय नगर में घर-घर जाकर जल में क्लोरीन की मात्रा की जांच की। अधिकारियों ने अगले सप्ताह तक सभी नालियों की सफाई करने का आदेश दिया है। साथ ही निर्देश दिया है कि नाली के भीतर पाईप लाईन दिखने पर तत्काल सूचित किया जाए।
नगर निगम जल विभाग ने महर्षि वाल्मीकि वार्ड के रहवासियों से वार्ड क्षेत्र में स्थित नालियों के भीतर से जा रही पाइप लाइन को अतिशीघ्र बाहर निकालने के कार्य में अमले को सहयोग देने की अपील की है।



