टीआरपी डेस्क। ओडिशा के ढेंकानाल जिले के मोटंगा थाना क्षेत्र के रानीबानिया इलाके में स्थित रोड मेटल क्वारी में शनिवार रात ब्लास्टिंग के दौरान भीषण धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि भारी चट्टानें टूटकर गिर गईं, जिससे दो मजदूर मलबे में दबकर मारे गए।
जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के बाद बड़े पत्थर मजदूरों पर गिर पड़े तथा वे उसके नीचे दब गए। घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। भारी मशीनरी से चट्टानों को काटकर मलबा हटाया जा रहा है तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से सर्च ऑपरेशन तेज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, खदान में ड्रिलिंग तथा पत्थर निकालने का काम चल रहा था। यह हादसा अवैध खनन का नतीजा माना जा रहा है। क्वारी को ब्लास्टिंग की अनुमति नहीं थी तथा सितंबर 2025 में इसे बंद करने का नोटिस जारी किया गया था।
ढेंकानाल कलेक्टर अशीष ईश्वर पाटिल और एसपी अभिनव सोनकर मौके पर पहुंचे, जो रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है तथा इलाके में शोक का माहौल है।


