टीआरपी। Drinking water pipeline in the drain : इंदौर में गंदा पानी पीने से 16 लोगों की मृत्यु के पश्चात छत्तीसगढ़ के लोगों में भी दहशत का माहौल छाया है। ऐहतियात के तौर पर लोग पानी उबालकर पी रहे हैं। अनेक इलाकों में नाली के भीतर से पीने के पानी का पाइप लाइन दिखाई दे रहा है। सोमवार को नगर निगम में प्रतिपक्ष के नेता आकाश तिवारी ने विविध क्षेत्रों का निरीक्षण किया और आक्रोश जाहिर किया कि नगर निगम के अधिकारियों को पाइप बदलने की कोई चिंता नहीं है।

प्रतिपक्ष के नेता आकाश तिवारी का कहना है कि सेलटैक्स कॉलोनी, गायत्री नगर, भावना नगर, विजय नगर, पिंक सिटी सहित अनेक मोहल्लों में नाली और सीवर लाइन से लगकर पीने का पाइप लाइन बिछा हुआ है। कभी भी नाली का गंदा पानी पीने के पाइप लाइन में मिलकर बीमारी फैला सकता है।

नल कनेक्शन नाली से ऊपर किया जाए

उत्तर विधानसभा में विधायक पुरंदर मिश्रा के कार्यालय के समीप ही गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। ऐसी ही स्थिति शहर के विभिन्न क्षेत्रों में है। प्रतिपक्ष के नेता आकाश तिवारी का कहना है कि लगता है जब राजधानी में जलजनित बीमारी फैलने लगेगी तब महापौर और अधिकारियों की नींद खुलेगी। सीवरेज लाइने जो विगत 30 से 40 वर्षों से भी पुरानी बिछी हुई है। उन से लगी हुई पीने के पानी की लाइन भी डाली गई है। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी गंभीर बीमारी फैल सकती है। जहां-जहां पीने के पानी का पुराना नल कनेक्शन नालियों से होकर जा रहा है, उसे नाली से ऊपर किया जाए।

See also  Mahadev Satta App : EOW ने पुलिस कांस्टेबल सहित चार आरोपियों के खिलाफ पेश किया पूरक चालान…