टीआरपी डेस्क। अमेरिका में अवैध अप्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मिनियापोलिस में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एजेंट ने 37 वर्षीय अमेरिकी महिला रेनी निकोल गुड पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
घटना दक्षिण मिनियापोलिस की है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ICE के तीन एजेंट कार के आसपास मौजूद हैं और दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे हैं। तभी महिला कार आगे बढ़ाती है, जिस पर एक एजेंट ने लगातार तीन गोलियां दाग दीं। एक गोली महिला के सिर में लगी।
ICE ने इसे सेल्फ डिफेंस करार दिया है। फॉक्स 9 को दिए बयान में ICE अधिकारी ने कहा कि महिला ने एजेंट को कार से कुचलने की कोशिश की थी, इसलिए खुद को बचाने के लिए गोली चलानी पड़ी।
मिनियापोलिस मेयर जैकब फ्रे एवं कई प्रत्यक्षदर्शियों ने ICE के दावों को खारिज किया है। मेयर फ्रे ने कहा कि वीडियो देखने के बाद ICE का बयान बकवास लगता है तथा वे फेक नैरेटिव गढ़ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की जांच जारी है।



