टीआरपी डेस्क।  जानी-मानी साइबर सिक्योरिटी कंपनी Malwarebytes की एक रिपोर्ट ने सोशल मीडिया यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 1.75 करोड़ इंस्टाग्राम यूजर्स का निजी डेटा हैकर्स के हाथ लग गया है। साइबर सुरक्षा फर्म का दावा है कि, यह डेटा Breach Forums नामक प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक किया गया है, जिससे बड़े पैमाने पर फिशिंग और साइबर हमलों का खतरा बढ़ गया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस डेटा लीक के पीछे सोलोनिक नाम के हैकर का हाथ बताया जा रहा है। Malwarebytes ने अपनी नियमित डार्क वेब स्कैनिंग के दौरान 7 जनवरी 2026 को बड़ी JSON और TXT फाइलें अपलोड होते हुए पाईं। माना जा रहा है कि यह डेटा साल 2024 में इंस्टाग्राम के एपीआई में मौजूद एक खामी का फायदा उठाकर स्कैमर्स द्वारा चुराया गया था।

लीक हुए डेटा में पासवर्ड शामिल नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद हैकर्स के पास पहचान चोरी और फिशिंग के लिए पर्याप्त जानकारी पहुंच चुकी है। लीक हुए डेटासेट में यूजरनेम, पूरा नाम, ईमेल एड्रेस, अंतर्राष्ट्रीय फोन नंबर, यूजर आईडी, संपर्क विवरण और फिजिकल एड्रेस का आंशिक विवरण शामिल है।

See also  kisaan aandolan : आज फिर दिल्ली कूच करेंगे किसान, अंबाला में इंटरनेट बंद

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि पासवर्ड न होने के बावजूद यह डेटा बेहद संवेदनशील है। हैकर्स ईमेल और फोन नंबर के जरिए टारगेटेड फिशिंग कर सकते हैं। वे इंस्टाग्राम या मेटा के प्रतिनिधि बनकर फर्जी लिंक भेज सकते हैं या पासवर्ड रीसेट का झांसा देकर अकाउंट पर कब्जा करने की कोशिश कर सकते हैं।

Instagram अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये 5 जरूरी उपाय

अगर आप इंस्टाग्राम का उपयोग करते हैं, तो अपने अकाउंट की सुरक्षा के लिए अहम उपायों को तुरंत अपनाएं। जैसे कि, सबसे पहले टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) सक्रिय करें। केवल एसएमएस पर निर्भर न रहें, बल्कि गूगल ऑथेंटिकेटर या माइक्रोसॉफ्ट ऑथेंटिकेटर जैसे एप के माध्यम से 2FA ऑन करें, जिससे अकाउंट को अतिरिक्त सुरक्षा मिल सके।

अपने इंस्टाग्राम अकाउंट का पासवर्ड तुरंत बदलें। ऐसा मजबूत और यूनिक पासवर्ड चुनें, जिसमें अक्षर, अंक और विशेष चिह्न शामिल हों, ताकि हैकिंग की संभावना कम हो।

संदिग्ध लिंक और संदेशों से सतर्क रहें। यदि आपको अकाउंट वेरिफिकेशन या कॉपीराइट उल्लंघन के नाम पर कोई ईमेल या मैसेज प्राप्त होता है, तो उस पर क्लिक न करें और न ही किसी तरह की जानकारी साझा करें।

See also  खुद को सरकारी अफसर बताकर ग्रामीणों से करते थे वसूली, इनके कारनामे सुन पुलिस भी रह गई दंग…

नियमित रूप से लॉगिन एक्टिविटी जांचें। इंस्टाग्राम की सेटिंग्स में जाकर यह सुनिश्चित करें कि आपका अकाउंट किसी अनजान डिवाइस या लोकेशन से लॉग-इन तो नहीं किया गया है।

ईमेल की प्रामाणिकता की जांच करना न भूलें। इंस्टाग्राम की आधिकारिक ईमेल आईडी हमेशा @instagram.com या @support.facebook.com डोमेन से ही आती है। किसी अन्य डोमेन से आए मेल पर भरोसा न करें।