बिलासपुर। जिला न्यायालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बिलासपुर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी बीच शहर में तमिलनाडु नंबर प्लेट वाला एक ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में पटाखे भरे थे। घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, 8 जनवरी की सुबह तमिलनाडु से भेजे गए एक ई-मेल में बिलासपुर और राजनांदगांव के जिला न्यायालयों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद से ही दोनों शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इसी क्रम में बुधवार सुबह बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर रोड पर तमिलनाडु नंबर प्लेट वाला ट्रक (TN-52 P-9783) खड़ा मिला। ट्रक में बड़ी संख्या में पटाखों के कार्टन लदे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इन कार्टनों को ट्रक से एक पिकअप वाहन में उतारा जा रहा था।

गांव और रिहायशी इलाके के बीच बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खड़े ट्रक को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू की।

See also  सड़क पर पैचवर्क के नाम पर करोड़ों का हुआ घोटाला : भाजपा आरटीआई प्रकोष्ठ ने किया खुलासा

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में मौजूद पटाखों का कोर्ट को मिली धमकी से कोई संबंध है या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।