टीआरपी डेस्क। न्यायधानी में पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-कॉमर्स कंपनियों के कई वेयरहाउस पर छापेमारी की है। तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और चकरभाठा थाना क्षेत्रों में स्थित गोदामों पर की गई कार्रवाई के दौरान अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो, ब्लिंकिट, ई-कार्ट और ब्लू डार्ट सहित अन्य रिटेल वेयरहाउसों से बटनदार और धारदार चाकू बरामद किए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।

धारदार चाकुओं की जब्ती के बाद पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं इन हथियारों की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त किसी आपराधिक उद्देश्य से तो नहीं की जा रही थी। इसके साथ ही ऑनलाइन माध्यम से चाकू ऑर्डर करने वाले ग्राहकों की सूची भी खंगाली जा रही है।

वेयरहाउस प्रबंधकों को सख्त निर्देश

कार्रवाई के बाद सभी संबंधित वेयरहाउस प्रबंधकों को एसपी कार्यालय तलब कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले में ऑनलाइन माध्यम से चाकू एवं अन्य प्रतिबंधित धारदार हथियारों की खरीद-फरोख्त पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी गोदाम में हथियार मिलने की सूचना सामने आती है, तो संबंधित मैनेजर और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

See also  इंडोर स्टेडियम में तैयार कोविड सेंटर में मरीजों की भर्ती शुरू, कोरोना मरीजों के लिए बेड की कमी होगी दूर

बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैधानिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की जांच और निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।