टीआरपी डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा से असम के गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी और 958 किलोमीटर की दूरी महज 14 घंटे में तय करेगी। अभी इस रूट पर ट्रेनों को यही सफर पूरा करने में करीब 17 घंटे लगते हैं।
इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल है। किराए की बात करें तो यह राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों से थोड़ा अधिक रखा गया है। गुवाहाटी से हावड़ा तक थर्ड एसी का किराया लगभग 2,300 रुपये के आसपास है।
भारतीय रेलवे के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। अब तक वंदे भारत ट्रेनें केवल चेयरकार व्यवस्था में चल रही थीं, लेकिन स्लीपर वर्जन के शुरू होने से लंबी दूरी की रात की यात्राओं का अनुभव पूरी तरह बदलने वाला है। खासतौर पर उन यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा, जो तेज, सुरक्षित और आरामदायक रात का सफर चाहते हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत स्लीपर
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आधुनिक तकनीक और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ट्रेन का इंटीरियर भारतीय संस्कृति से प्रेरित है, जिससे कोच का वातावरण आरामदायक होने के साथ-साथ आकर्षक भी नजर आता है। बर्थ, लाइटिंग और कोच की डिजाइन इस तरह बनाई गई है कि लंबा सफर थकान भरा न लगे।
स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा पर भी खास जोर दिया गया है। ट्रेन में डिसइंफेक्टेंट और यूवीसी तकनीक का उपयोग किया गया है, जो हवा में मौजूद वायरस और बैक्टीरिया को कम करने में मदद करती है। यह सिस्टम कोच की हवा को फिल्टर कर साफ करता है और ताजी हवा अंदर पहुंचाता है।
सुरक्षा के लिए ‘कवच’ सिस्टम
सुरक्षा के लिहाज से भी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को अत्याधुनिक बनाया गया है। इसमें ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम लगाया गया है, जो सिग्नल और स्पीड पर नजर रखकर हादसों की आशंका को काफी हद तक कम करता है। इसके अलावा, इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट की सुविधा भी दी गई है, जिससे यात्री किसी भी आपात स्थिति में सीधे ट्रेन स्टाफ से संपर्क कर सकेंगे।
राजधानी से भी तेज रफ्तार
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जबकि नियमित संचालन के दौरान यह लगभग 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। यात्रियों को सफर के दौरान प्रीमियम बेडरोल, उच्च गुणवत्ता के कंबल और कैटरिंग सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आराम को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में बेहतर कुशनिंग वाली एर्गोनोमिक बर्थ और शोर कम करने वाली तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, ताकि रात की यात्रा शांत और सुकूनभरी रहे। आधुनिक लुक, तेज रफ्तार और उन्नत सुविधाओं के साथ वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भारतीय रेल यात्रा के अनुभव को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।


