जगदलपुर। तमाम हिदायतों नियम कायदों के बावजूद स्कूलों में बच्चों को प्रताड़ित करने के मामले यदा-कड़ा सामने आते रहते हैं। इसी कड़ी में बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले तारांगांव प्राथमिक पाठशाला में कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले एक छात्र के साथ शिक्षिका द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से छात्र के स्कूल न जाने की बात कही जा रही है। परिजनों द्वारा मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई है।
परिजनों के अनुसार, छात्र स्कूल के समय के दौरान अपने खाने के लिए किराना दुकान से सामान लेने गया था। इस बात को लेकर शिक्षिका द्वारा छात्र को डंडे से मारे जाने का आरोप लगाया गया है।
छात्र की आंख में लगी चोट
परिजनों का कहना है कि मारपीट के कारण छात्र की आंख में चोट आई और वह डर के कारण पिछले कई दिनों से स्कूल नहीं जा रहा था। बताया गया कि जब छात्र के बड़े भाई ने स्कूल न जाने का कारण पूछा, तब उसने कथित मारपीट की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित शिक्षिका के विरुद्ध पहले भी छात्रों से मारपीट की शिकायतें की जा चुकी हैं। फिलहाल शिक्षा विभाग द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।


