टीआरपी। Chhattisgarh Tourism Board : देश में अनेक पर्यटन केंद्र ऐसे भी हैं, जिनके बारे में ज्यादातर लोग नहीं जानते। यदि उन पर्यटन केंद्रों का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए तो निश्चित ही पर्यटक वहां आने के लिए लालायित होंगे। ऐसे ही बेहतर पर्यटन केंद्रों वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ का नाम भी प्रमुख है। प्रदेश में अनेक पर्यटन केंद्र हैं जिनका प्रचार न होने से लोगों को जानकारी नहीं है। इसी उद्देश्य को लेकर छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड ने TTJ पुणे 2026 के दो दिवसीय आयोजन में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया। देश भर से आए ट्रैवल एजेंट्स शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा ने राज्य के प्रमुख और उभरते पर्यटन स्थलों, उपलब्ध सुविधाओं तथा अपार पर्यटन संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। ट्रैवल एजेंट्स और प्रतिनिधियों ने तारीफ की। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ पंजीकृत ट्रैवल एजेंट्स ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की। उन्होंने ब्रॉशर, फोल्डर और अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से राज्य के चित्रकूट जलप्रपात, बस्तर के आदिवासी संस्कृति, पर्यटन स्थलों और अन्य आकर्षणों की जानकारी साझा की।
पुणे में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देशव्यापी स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। आयोजन में स्टॉल पर लगातार भीड़ जुटी रही, जहां पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज और ऑफर भी उपलब्ध कराए गए। प्रस्तुतिकरण के बाद विभिन्न राज्यों से आए स्टेकहोल्डर्स और ट्रैवल इंडस्ट्री प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ पर्यटन में गहरी रुचि व्यक्त की। दर्जनों एजेंट्स ने मौके पर ही छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड के साथ पंजीकरण कराया तथा भविष्य में राज्य को प्रमुख टूर पैकेज में शामिल करने का आश्वासन दिया।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ को भारत का उभरता पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। बोर्ड के अधिकारियों ने इसे राज्य पर्यटन विकास की नई ऊंचाइयों की शुरुआत बताया।


