बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर की पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी वारदातों का खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक ओर देशी कट्टा दिखाकर पेट्रोल पंपों में लूट करने वाले अंतरजिला गिरोह को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूटपाट के दौरान हत्या करने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश किया है।

रतनपुर इलाके के पेट्रोल पंप में लूट को दिया अंजाम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने इन मामलों का खुलासा किया। पहली वारदात थाना रतनपुर क्षेत्र की है, जहां 11 जनवरी 2026 की रात ग्राम जाली स्थित बी.बी. पेट्रोल पंप में तीन युवक पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे। पेट्रोल भरवाने के बाद जब सेल्समैन बसंत कुमार कैवर्त ने पैसे मांगे, तो आरोपियों ने रिवॉल्वर जैसे हथियार का भय दिखाकर करीब 15 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने बेलतरा क्षेत्र के पास घेराबंदी कर वेद प्रकाश वैष्णो, अभिषेक प्रजापति और कपिल पटेल को गिरफ्तार किया।
लूट की दूसरी वारदातों का भी खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने रतनपुर के अलावा कोरबा जिले के चैतमा के पेट्रोल पंप और पाली क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर से लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल, जिनमें एक चोरी की पल्सर थी, एक देशी कट्टा व कारतूस, धारदार चाकू, 2500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। मुख्य आरोपी वेद प्रकाश वैष्णो पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों के खिलाफ थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है, वहीं पाली थाना कोरबा में भी इनके विरुद्ध अन्य प्रकरण दर्ज हैं।
हाईवे पर लूटपाट के दौरान युवक की कर दी थी हत्या
दूसरा मामला कहीं अधिक गंभीर है, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूट के दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2025 को कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी ट्रक चालक राज सिंह अपने हेल्पर पारस केंवट के साथ सीमेंट लोड कर मनेन्द्रगढ़ जा रहा था। सुबह करीब 4:30 बजे गतौरी के पास ट्रक का टायर पंचर होने के दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और चाकू दिखाकर 6000 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हेल्पर पारस केंवट पर धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले की जांच के बाद थाना कोनी में बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

इस वारदात में भी पुलिस ने कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी इनपुट और स्थानीय मुखबिरों की मदद ली। जांच के दौरान जय दिवाकर, सूरज साहू और प्रदीप धुरी को संदेही के आधार पर पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों ने कोनी के अलावा हिर्री और चकरभाठा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रक चालकों से लूटपाट की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूर्व में भी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने इनके कब्जे से बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, तीन धारदार लोहे के चाकू, अन्य लूटे गए मोबाइल और नगदी रकम बरामद की है। तीनों आरोपी पूर्व में भी लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
SSP ने की नगद पुरस्कार की घोषणा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए नगद पुरस्कार की घोषणा की है। लगातार सामने आ रही इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि बिलासपुर पुलिस जिले में सक्रिय आदतन अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और आने वाले समय में भी ऐसे अपराधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


