रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़कों की स्थिति को लेकर लगातार उठ रही शिकायतों के बीच Public Works Department (PWD) ने एक बड़ा और साहसिक कदम उठाया है। विभाग ने गड्ढामुक्त सड़कों को लेकर ओपन चैलेंज देते हुए स्पष्ट किया है कि 31 जनवरी तक PWD के अधीन आने वाली सभी सड़कों से गड्ढों का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा। यह पहली बार है जब प्रदेश में PWD ने इस तरह सार्वजनिक चुनौती देते हुए सीधे जनता को निगरानी में शामिल किया है।

सोशल मीडिया का हो रहा इस्तेमाल

PWD ने पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आधिकारिक पब्लिक पेज शुरू किए हैं। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि छत्तीसगढ़ के किसी भी हिस्से में PWD द्वारा निर्मित सड़क पर गड्ढा नजर आए, तो उसकी फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी साझा करें। इससे संबंधित इंजीनियर और अधिकारी तुरंत उस शिकायत तक पहुंच सकेंगे।

See also  सड़क पर छोड़े गए गड्ढे में गिर कर डेयरी मालिक की मौत : लापरवाह PWD के अधिकारियों और ठेकेदार पर जुर्म दर्ज

कारण बताएंगे या तुरंत होगा सुधार

PWD का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद दो विकल्पों में से एक पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी—या तो गड्ढा बनने का कारण सार्वजनिक रूप से बताया जाएगा, या फिर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग के अनुसार, अब सड़कों की खराब स्थिति को नजरअंदाज करने की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी।

450 करोड़ रुपये से चल रहा व्यापक मरम्मत अभियान

बता दें कि प्रदेश में इस समय करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का काम तेज़ी से चल रहा है। 8,000 किलोमीटर से अधिक PWD सड़कों पर रिपेयर वर्क प्रगति पर है।

जनभागीदारी से बदलेगी सड़क व्यवस्था

PWD का कहना है कि यह ओपन चैलेंज केवल एक प्रशासनिक घोषणा नहीं, बल्कि जनभागीदारी आधारित मॉडल है। इससे न सिर्फ सड़कों की गुणवत्ता सुधरेगी, बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली में भी पारदर्शिता आएगी।

PWD की यह पहल छत्तीसगढ़ में सड़क सुधार की दिशा में एक नया मानक स्थापित कर सकती है। अब देखना होगा कि 31 जनवरी तक यह चुनौती जमीनी स्तर पर कितनी सफल साबित होती है

See also  इकलौती मादा वनभैसा “खुशी”की मौत, राजकीय पशु के संरक्षण-संवर्धन मुहिम को झटका