टीआरपी डेस्क। केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से चार बार सांसद रहे शशि थरूर की नाराजगी खुलकर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान द्वारा केरल चुनावों को लेकर बुलाई गई अहम बैठक में शशि थरूर शामिल नहीं होंगे।

सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी की हालिया कोच्चि यात्रा के दौरान ‘उचित सम्मान’ न मिलने से शशि थरूर असंतुष्ट हैं। राहुल गांधी की महापंचायत के दौरान उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर उन्होंने खुद को अपमानित महसूस किया।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के मंच पर पहुंचने से पहले शशि थरूर से अपना भाषण जल्द समाप्त करने को कहा गया था। इसे उन्होंने अपने कद और वरिष्ठता के अनुरूप सम्मान न मिलने के रूप में देखा। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक से दूरी बना ली।

केरल चुनाव को लेकर आज होनी है अहम बैठक

गौरतलब है कि आज दोपहर दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान की केरल के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक आयोजित थी लेकिन बैठक से ठीक पहले शशि थरूर की नाराजगी की खबरों ने सियासी हलकों में चर्चा तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, शशि थरूर फिलहाल केरल में हैं और राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खरगे के साथ होने वाली बैठक में शामिल नहीं होंगे।

See also  ब्रेकिंग: गुटका कारोबारियों पर स्टेट जीएसटी की रेड, कई जिलों में छापामारी

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, शशि थरूर ने भी इस फैसले को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।