रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार से जशपुर जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे सबसे पहले तूता पहुंचकर प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन कर आधारशिला रखेंगे। इसके बाद डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे हेलीकॉप्टर से जशपुर जिले के लिए रवाना होंगे, जहां कोतबा में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। रात्रि विश्राम वे ग्राम बगिया स्थित विश्राम गृह में करेंगे।

चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन आज


नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-23 माना-तूता में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्रायबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शनिवार सुबह 11.30 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। राज्य में फिल्म पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की कैपिटल इन्वेस्टमेंट के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना के तहत इन दोनों परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

सड़क सुरक्षा माह का समापन


राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा माह का समापन आज किया जाएगा। पं. दीनदयाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

See also  मास्क न पहनने पर बोले मंत्री अमरजीत भगत, 'कोरोना पकड़ेगा तो मुझे पकड़ेगा' मुझे इसका टेंशन नहीं रहता!

रायपुर साहित्य महोत्सव का दूसरा दिन


रायपुर साहित्य महोत्सव का शनिवार को दूसरा दिन है। नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित महोत्सव में आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष काव्य-पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देशभर से 120 से अधिक ख्यातिनाम साहित्यकार भाग ले रहे हैं।

भाजपा सरकार वादों से पलटी : कांग्रेस


नवा रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों, मध्यान्ह भोजन रसोइयों और सीएएफ अभ्यर्थियों के आंदोलन के समर्थन में उतरी कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी के नाम पर अनियमित कर्मचारियों से 100 दिन में नियमितीकरण का वादा किया गया था, लेकिन सरकार अब अपने वादों से मुकर गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि माहभर से धरने पर बैठे सीएएफ अभ्यर्थियों के साथ मारपीट की गई और अनशन पर बैठी एक महिला अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर एम्बुलेंस तक को नहीं जाने दिया गया। डीएड अभ्यर्थियों की भर्ती न होना सरकार की अकर्मण्यता का प्रमाण है। मध्यान्ह भोजन रसोइयों को मात्र 66 रुपये मजदूरी मिल रही है और वे न्यूनतम मजदूरी की मांग कर रहे हैं, लेकिन 22 दिनों से सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। आंदोलनकारियों में अधिकांश महिलाएं हैं, जो ठंड में धरने पर बैठने को मजबूर हैं।

See also  Dwidwadash Yog 2026: ग्रहों की चाल में बड़ा बदलाव: 11 अप्रैल से बनेगा दुर्लभ द्विद्वादश योग, इन 3 राशियों की चमकेगी किस्मत

मंत्री जायसवाल एमसीबी जिले के दौरे पर


स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शनिवार को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे ग्राम पंचायत लाई में आयोजित ‘विकसित भारत ग्राम’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद ग्राम पंचायत मेरो पहुंचकर कबड्डी प्रतियोगिता में शिरकत करेंगे।