टीआरपी डेस्क। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य के लॉरेंसविले शहर में कथित पारिवारिक विवाद के दौरान चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। घटना के समय घर में मौजूद तीन बच्चों ने अलमारी में छिपकर और पुलिस को कॉल कर अपनी जान बचाई।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार सुबह हुई इस गोलीबारी में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने के दौरान घर में मौजूद तीनों बच्चे सुरक्षित रहे। बच्चों में से एक ने 911 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
अटलांटा स्थित भारतीय दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि यह एक दुखद गोलीबारी की घटना है, जिसमें एक भारतीय नागरिक भी पीड़ितों में शामिल है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है।
ग्विनेट काउंटी पुलिस के अनुसार, संदिग्ध आरोपी की पहचान 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। मृतकों में उनकी पत्नी मीमू डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरीश चंदर (38) शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पर चार मामलों में हत्या, चार मामलों में गंभीर हमला, चार मामलों में दुर्भावनापूर्ण हत्या, बच्चों के प्रति क्रूरता के पहले दर्जे का एक मामला और तीसरे दर्जे के दो मामले दर्ज किए गए हैं। घटना के बाद तीनों बच्चों को सुरक्षित रूप से एक परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।


