टीआरपी डेस्क। जनवरी का चौथा हफ्ता ओटीटी दर्शकों के लिए खास रहने वाला है। नए साल का पहला महीना अब अपने अंतिम पड़ाव पर है, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर मनोरंजन का सिलसिला थमने वाला नहीं है। थिएटर में जहां ‘बॉर्डर 2’ दर्शकों को बांधे हुए है, वहीं ओटीटी पर भी लगातार नए कंटेंट की बौछार जारी है। जनवरी के आखिरी सप्ताह में क्राइम थ्रिलर, एक्शन, रियलिटी शो और सुपरहीरो सीरीज तक दर्शकों को देखने को मिलेंगी।

इस सप्ताह सबसे ज्यादा चर्चा में है भूमि पेडनेकर की क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘दलदल’। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही यह सीरीज सुर्खियों में बनी हुई है। कहानी एक सस्पेंस भरे अपराध की परतें खोलती नजर आती है, जिसमें भूमि पेडनेकर एक दमदार किरदार में दिखाई देंगी। ‘दलदल’ का निर्माण सुरेश त्रिवेणी और विक्रम मल्होत्रा ने किया है, जबकि निर्देशन की कमान अमृत राज गुप्ता ने संभाली है। यह सीरीज 30 जनवरी से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

See also  फिल्म '83' का एक और पोस्टर जारी, कपिल और रोमी देव के रूप में रणवीर-दीपिका की जोड़ी ऐसी आएगी नजर

सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद अब स्पाई एक्शन फिल्म ‘धुरंधर’ भी ओटीटी पर दस्तक देने को तैयार है। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी यह फिल्म लंबे समय से डिजिटल रिलीज का इंतजार कर रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर’ 30 जनवरी 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो सकती है। एक्शन और देशभक्ति के मिश्रण वाली यह फिल्म ओटीटी दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण बन सकती है।

टेलीविजन और ओटीटी दोनों प्लेटफॉर्म्स पर अक्षय कुमार का नया शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ भी इसी हफ्ते शुरू होने जा रहा है। इस शो में साजिद खान और रितेश देशमुख भी नजर आएंगे। यह 27 जनवरी से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा और साथ ही सोनी लिव पर भी उपलब्ध रहेगा। गेम शो के फॉर्मेट में दर्शकों को मनोरंजन और रोमांच का तड़का मिलने वाला है।

रियलिटी शो पसंद करने वालों के लिए ‘द 50’ भी खास है। इस शो में 50 सेलेब्रिटीज को 50 दिनों के लिए एक विला में रखा जाएगा, जहां वे अलग-अलग टास्क और गेम्स के जरिए अपनी जगह बनाए रखने की कोशिश करेंगे। 1 फरवरी से शुरू होने वाला यह शो जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकेगा। शो में करण पटेल, रिद्धि डोगरा, शाइनी दोशी, उर्वशी ढोलकिया, मोनालिसा, सपना चौधरी और कृष्णा श्रॉफ जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।

See also  Film Release on Diwali : दिवाली पर OTT में फिल्मों की होड़, लंबी छुट्टियों पर उठा सकते हैं लुत्फ…

अंतरराष्ट्रीय कंटेंट के शौकीनों के लिए अमेरिकी सुपरहीरो सीरीज ‘द वंडर मैन’ भी इसी हफ्ते रिलीज हो रही है। एक्शन और कॉमेडी से भरपूर यह सीरीज 27 जनवरी से जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।

कुल मिलाकर जनवरी का चौथा सप्ताह ओटीटी दर्शकों के लिए हर जॉनर का भरपूर मनोरंजन लेकर आ रहा है, जहां क्राइम, एक्शन, रियलिटी और सुपरहीरो कंटेंट का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।