कोरबा। अदानी समूह के प्रमुख गौतम अदानी कल विशेष प्रवास पर कोरबा-चांपा मार्ग स्थित पताड़ी पॉवर प्लांट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्लांट परिसर में स्मृति स्वरूप पौधरोपण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम और कोल हैंडलिंग प्लांट का बारीकी से निरीक्षण किया और चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। पताड़ी का पॉवर प्लांट पहले लैंको के अधीन था, जिसे अदानी ने खरीद लिया था।

प्लांट के कर्मचारियों से की बातचीत

प्लांट विजिट के दौरान गौतम अदानी कर्मचारियों के बीच पहुंचे, उनसे रूबरू हुए और उनसे बड़े ही सहज अंदाज में बातचीत की। चेयरमैन की इस आत्मीय कार्यशैली की पूरे प्लांट में काफी चर्चा हो रही है।

तीसरे चरण में लगने जा रही 800 मेगावाट की दो नई यूनिट्स

अदानी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तीसरे चरण के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए। यहां 800 मेगावाट की दो ‘अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी’ यूनिट्स लगेंगी, जिनकी कुल लागत लगभग 15,000 करोड़ रुपये होगी। इसकी पर्यावरणीय जनसुनवाई आगामी 27 फरवरी को सरगबूंदिया हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित की जाएगी।

See also  कोरबा में व्यावसायी अशरफ मेमन समेत 3 की हत्या से फैली सनसनी, तंत्र–मंत्र के नाम पर वारदात की आशंका

चौथे चरण की भी हो सकती है तैयारी

प्रबंधन अब दूसरे चरण की 660 मेगावाट की इकाइयों को आगामी अप्रैल-मई तक शुरू करने की तैयारी में है। वहीं, गौतम अदानी ने अधिकारियों को चौथे चरण के तहत 800 मेगावाट की दो और अतिरिक्त इकाइयों की स्थापना की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

अदानी के साथ ये अफसर भी पहुंचे

गौतम अदानी के साथ अदानी पॉवर लिमिटेड के आला अधिकारी विनीत जैन, पूर्व आईएएस अमन सिंह और नरेश गोयल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। रायपुर जिले के रायखेड़ा में स्थित अदानी पावर प्लांट की उन्होंने सुबह विजिट की और वहां आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए।बवहां से वे हेलीकॉप्टर से पताड़ी पहुंचे। हेलीकॉप्टर प्लांट परिसर में ही सीएचपी के निकट बनाए गए हैलीपेड पर उतरा। पिछले दो दिनों में गौतम अदानी ने यूपी के मिर्जापुर, एमपी के अनूपपुर और छत्तीसगढ़ स्थित पावर प्लांटों का जिस तरह से दौरा किया है वो बताता है कि अदानी समूह पावर प्लांट के व्यवसाय पर खासा फोकस कर रहा है।

See also  शादीशुदा महिला से दुष्कर्म का प्रयास, सफल नहीं हुए तो जिंदा जलाया दरिंदों ने