CG News उद्योग का दर्जा मिलते ही पर्यटन में 500 करोड़ से ज्यादा निवेश
CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद जहां एक ओर निवेश और मुनाफे में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है, वहीं दूसरी ओर आम और कम आय वर्ग के पर्यटकों के लिए सस्ता पर्यटन अब मुश्किल होता जा रहा है। राज्य सरकार का स्पष्ट रुझान अब प्रीमियम और अनुभव आधारित पर्यटन की ओर है, जिसके चलते गंगरेल, चित्रकोट जैसे लोकप्रिय और खूबसूरत पर्यटन स्थल आम पर्यटकों की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं।
CG News: पर्यटन विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड पहली बार बड़े मुनाफे में पहुंचा है। बोर्ड की आय 2 करोड़ रुपए से बढ़कर लगभग 10 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। पर्यटन से जुड़े व्यवसायों के पंजीकरण में भी 10 गुना तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि इस व्यावसायिक सफलता के बीच कम बजट में पर्यटन करने वालों के विकल्प सीमित होते जा रहे हैं।

CG News: पर्यटन, संस्कृति और पुरातत्व विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने दावा किया है कि निवेशक कनेक्ट और पर्यटन इको-सिस्टम के माध्यम से अब तक 500 करोड़ रुपए से अधिक का निजी निवेश हासिल किया गया है। विभाग ने वर्ष 2026 तक के लक्ष्यों के साथ-साथ 2028 विज़न का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है।
CG News: छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड (CTB) के एमडी विवेक आचार्य के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचिव डॉ. यादव ने बताया कि श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत आईआरसीटीसी के साथ हुए एमओयू के बाद अयोध्या के लिए 50 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे 42 हजार से अधिक तीर्थयात्री लाभान्वित हुए। योजना के अंतर्गत आवास, परिवहन और तीर्थ दर्शन की समेकित व्यवस्था की गई है।

CG News:पर्यटन सचिव ने बताया कि राज्य में पहली बार होम-स्टे नीति 2025-30 अधिसूचित की गई है, जिससे ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिला है और स्थानीय लोगों की आजीविका के नए रास्ते खुले हैं। वहीं भोरमदेव कॉरिडोर योजना के तहत लगभग 145 करोड़ रुपए की लागत से विरासत पर्यटन को नया आयाम दिया जा रहा है, जिसे केंद्र सरकार की मंजूरी मिल चुकी है।
CG News: फिल्म सिटी, टेंट सिटी और ग्लोबल ब्रांडिंग पर फोकस
डॉ. यादव ने बताया कि राज्य में 350 करोड़ रुपए की फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर की योजना को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे छत्तीसगढ़ को फिल्म और इवेंट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। चित्रकोट जलप्रपात के पास टेंट सिटी विकसित की जाएगी, जिसमें करीब 25 करोड़ रुपए निवेश की संभावना है। इसके साथ ही लैंड बैंक मॉडल के जरिए नए निवेशकों को आकर्षित किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने स्पेन, थाईलैंड और वियतनाम जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कार्यक्रमों में भाग लेकर वैश्विक स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। दिल्ली में 20 साल बाद रोड शो आयोजित कर राष्ट्रीय पर्यटन मंचों पर मजबूत वापसी की गई है। आने वाले समय में फिक्की के सहयोग से छत्तीसगढ़ ट्रैवल मार्ट की शुरुआत की जाएगी, जो टूर ऑपरेटर्स और निवेशकों को जोड़ने का वार्षिक फ्लैगशिप कार्यक्रम होगा।
CG News: पंजीकरण बढ़ा, मुनाफे में विभाग
राज्य में पर्यटन से जुड़े व्यवसायों के पंजीकरण में 10 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। सचिव ने बताया कि छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड का मुनाफा 5 गुना बढ़कर 2 करोड़ से 10 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। 17 पर्यटन संपत्तियों को आउटसोर्स किया गया है, जिससे लगभग 200 करोड़ रुपए निवेश और 100 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
CG News: सरकार का फोकस प्रीमियम और अनुभव आधारित पर्यटन पर
पर्यटन के बढ़ते व्यावसायीकरण के बीच यह भी साफ हो गया है कि गंगरेल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर कम आय वर्ग को सस्ते कमरे मिलना मुश्किल होगा। सरकार का फोकस प्रीमियम और अनुभव आधारित पर्यटन पर है, ऐसे में होम-स्टे ही आम पर्यटकों के लिए मुख्य विकल्प बनेंगे। खूबसूरत और लोकप्रिय जगहें महंगी ही रहेंगी। इधर सरकार ने बाकी सरकारी होटलों को लीज पर देने की भी तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक तेलीबांधा स्थित एक होटल को कॉर्पोरेट सेक्टर को सौंपने की प्रक्रिया पर भी विचार चल रहा है।
CG News: आईएचएम रायपुर की राष्ट्रीय उपलब्धियां
इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM), रायपुर ने भी पर्यटन विभाग की उपलब्धियों में अहम योगदान दिया है। संस्थान के छात्रों ने आईएचएम हैदराबाद में आयोजित नेशनल बडिंग शेफ प्रतियोगिता में लगातार तीसरे वर्ष प्रथम पुरस्कार जीता। एवरेस्ट बैटर किचन कलिनरी एवं बेकरी चैलेंज में भी छात्रों ने प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किया।
CG News: 2028 तक इको-एथनिक ग्लोबल डेस्टिनेशन बनेगा छत्तीसगढ़
एकता नगर (गुजरात) में आयोजित भारत पर्व में आईएचएम रायपुर के छात्रों ने छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लाइव प्रदर्शन किया। गुजरात-छत्तीसगढ़ कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत आईएचएम गांधीनगर के साथ मिलकर राज्य की संस्कृति और खानपान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया। पर्यटन सचिव डॉ. रोहित यादव ने कहा कि 2028 तक छत्तीसगढ़ को भारत का अग्रणी इको-एथनिक और आध्यात्मिक ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।


