रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनवरी के अंतिम दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। एक बार फिर हल्की ठंड बढ़ने के आसार जताए गए हैं। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद आगामी तीन दिनों में तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं आज प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर-पूर्वी भारत में उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जिसकी मुख्य हवा की गति समुद्र तल से लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 130 नॉट के आसपास है। इसके अलावा 2 फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करने की संभावना है।

See also  बॉर्डर में CRPF और CF के जवान घने जंगलों में चला रहे हैं सर्चिंग ऑपरेशन

प्रदेश में आज और अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की उम्मीद है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। वहीं 3 और 4 फरवरी को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

राजधानी रायपुर में 30 जनवरी को धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।