टीआरपी। Damakheda , Kabir Saheb: देशभर में सद्गुरु कबीर साहेब के दिखाए मार्गों का अनुसरण करने वाले लाखों भक्त है। छत्तीसगढ़ में भी जन-जन में कबीरपंथ का गहरा प्रभाव है। उक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को दामाखेड़ा में पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित समारोह में कही। मुख्यमंत्री ने दामाखेड़ा में संत समागम समारोह के लिए 50 लाख को बढाकर 75 लाख रूपये करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पंथ उदित मुनि नाम साहेब, पंथ प्रकाश मुनि नाम साहब को चादर श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर करने के संबंध में बताया कि राजपत्र में प्रकाशन हेतु अंतिम प्रक्रिया जारी है।
समारोह में पंथ प्रकाश मुनि नाम साहब ने कबीरपंथी समाज की ओर से मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष माघ मेला के प्रथम दिन बसंत पंचमी के अवसर पर कबीर पंथ के नये संवाहक 16 वें वंशाचार्य पंथी उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी सम्बोधित किया। पंथ उदित मुनि नाम साहब, गुरूगोसांई भानुप्रताप साहब, विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहु, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित सदगुरू कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधिगण आदि उपस्थित रहे।


