टीआरपी।garbage truck : घर घर से कचरा संग्रहण करके उसे ट्रांसफर स्टेशन तक ले जाते समय ग्रीन नेट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। महापौर मीनल चौबे ने ग्रीन नेट लगाने का निर्देश दिया है ताकि शहरवासियों को कचरा उड़ने से परेशानी न उठानी पड़े।

कचरे का निपटान करने वाले कर्मचारियों के साथ हुई बैठक में जोर दिया गया कि घरों एवं दुकानों से कचरा संग्रहण के पश्चात उसे ट्रांसफर स्टेशन तक ले जाते समय प्रत्येक कचरा वाहन पर निर्धारित मानक की ग्रीन नेट लगी हो। इससे पहले कचरा ढकने के लिए अलग अलग प्रकार के तिरपालों का उपयोग किया जाता था, जिससे एकरूपता की कमी रहती थी तथा कचरा गिरने की संभावना बनी रहती थी। नई व्यवस्था के तहत अब सभी वाहनों पर एक समान मानक एवं टिकाऊ ग्रीन नेट का प्रयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

परिवहन के दौरान कचरा खुले में न गिरे

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि कचरा परिवहन के दौरान सड़कों पर कचरे का गिरना न केवल अस्वच्छता फैलाता है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ग्रीन नेट के उपयोग से कचरा सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुँचेगा, सड़कें स्वच्छ रहेंगी और शहर की स्वच्छ तथा सुव्यवस्थित छवि सुदृढ़ होगी। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 के अनुसार अपशिष्ट का संग्रहण एवं प्रसंस्करण स्थल तक परिवहन इस प्रकार किया जाना चाहिए कि परिवहन के दौरान कचरा खुले में न गिरे, न फैले तथा पर्यावरण एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

See also  सीएम बघेल आज रहेंगे राजनांदगांव के दौरे पर, जनता को देंगे करोड़ों की सौगात

महापौर ने नगर पालिक निगम के अधिकारियों एवं रामकी कंपनी के प्रोजेक्ट हेड योगेश कुमार को निर्देशित किया कि वे इस व्यवस्था का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। नियमित निगरानी के माध्यम से इसके प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करें।