टीआरपी डेस्क। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई जिलों में छापेमारी की। एनआईए की टीमों ने श्रीनगर, बांदीपोरा और बारामूला जिलों में विभिन्न स्थानों पर सघन तलाशी ली।
अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह तलाशी अभियान बारामूला जिले के रफीआबाद, सोपोर और बोमाई के साथ-साथ बांदीपोरा और श्रीनगर के परिमपोरा इलाके में चलाया गया। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रभावित इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहे।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई घाटी में सक्रिय आतंकी नेटवर्क और उनके मददगारों के खिलाफ चल रही जांच का हिस्सा है। जांच एजेंसी संदिग्ध ठिकानों से साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, छापेमारी में अब तक क्या बरामद हुआ है और किन लोगों से पूछताछ की गई है, इस संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



