रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार, 4 फरवरी को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। सुबह 11:30 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में राज्य के विभिन्न विकास कार्यों और नीतिगत विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है। कैबिनेट के बाद मुख्यमंत्री विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे और दोपहर बाद नवा रायपुर से जशपुर जिले के दौरे पर रवाना होंगे। वे शाम 4:40 बजे अपने गृहग्राम बगिया पहुंचेंगे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा की विशेष बैठक

राजधानी रायपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा की एक विशेष बैठक दोपहर 12 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की गई है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की उपस्थिति में होने वाली इस बैठक में केंद्रीय बजट को लेकर आगामी कार्ययोजना और सांगठनिक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

केंद्र सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

वहीं, युवा कांग्रेस आज केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है। रायपुर जिला शहर और ग्रामीण इकाई के नेतृत्व में दोपहर 2 बजे राजीव गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन संसद में राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे से जुड़े विषयों पर बोलने से रोके जाने के विरोध में आयोजित है। युवा कांग्रेस ने गलवान मुद्दे पर प्रधानमंत्री से जवाब और जनरल नरवणे की पुस्तक को सार्वजनिक करने की मांग उठाई है।

See also  आदिवासी क्षेत्रों में होगा पर्यटन स्थलों का विकास, बनेगा होमस्टे