टीआरपी डेस्क। भारत में इलेक्ट्रिक कारों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाहनों के साथ अब ग्राहक बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। ताजा बिक्री आंकड़ों के मुताबिक बीते महीने इलेक्ट्रिक कारों की मांग में सालाना आधार पर 51 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी के साथ टॉप-5 निर्माताओं की सूची भी सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, बीते महीने देशभर में कुल 18,042 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हुई। जनवरी 2025 में यह आंकड़ा 11,909 यूनिट्स का था। इस तरह साल-दर-साल आधार पर बिक्री में उल्लेखनीय बढ़त देखने को मिली है।
टाटा मोटर्स सबसे आगे
इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में टाटा मोटर्स ने अपना दबदबा बरकरार रखा। कंपनी ने बीते महीने 7,852 यूनिट्स की बिक्री की। इससे पहले जनवरी 2025 में टाटा की बिक्री 5,292 यूनिट्स रही थी।
MG मोटर्स दूसरे स्थान पर
एमजी मोटर्स ने भी इलेक्ट्रिक कार बाजार में मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। कंपनी ने बीते महीने 4,606 यूनिट्स बेचीं, जबकि जनवरी 2025 में यह आंकड़ा 4,527 यूनिट्स था।
महिंद्रा ने तीसरा स्थान हासिल किया
महिंद्रा की इलेक्ट्रिक एसयूवी की मांग में बड़ा उछाल देखने को मिला। बीते महीने कंपनी ने 3,589 यूनिट्स की बिक्री की, जो जनवरी 2025 में महज 739 यूनिट्स थी।
VinFast की एंट्री
वियतनामी कंपनी विनफास्ट ने 2025 के मध्य में भारतीय बाजार में कदम रखा था। जनवरी 2026 में कंपनी की कुल बिक्री 432 यूनिट्स दर्ज की गई।
Hyundai भी टॉप-5 में
हुंडई ने भी इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में अपनी जगह बनाए रखी। बीते महीने कंपनी ने 326 यूनिट्स की बिक्री की, जबकि जनवरी 2025 में यह आंकड़ा 331 यूनिट्स था।
बढ़ते चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, नए मॉडल और सरकारी प्रोत्साहनों के चलते आने वाले महीनों में इलेक्ट्रिक कारों की मांग और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।



