टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के भीतर कड़ाके की ठंड वापसी करने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे रात और सुबह की ठिठुरन बढ़ेगी।

तापमान में अचानक आने वाली इस गिरावट का सीधा असर बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। साथ ही, उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में पाला पड़ने की संभावना से फसलों की निगरानी जरूरी हो गई है।

प्रदेश में शुष्क रहेगा मौसम

बीते 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुरुआती 48 घंटों की गिरावट के बाद अगले 7 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। यानी दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन रातें ठंडी होंगी।

कहां रही सबसे ज्यादा गर्मी और कहां सबसे ज्यादा ठंड?

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.5°C दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 11.5°C तक लुढ़क गया। राजधानी रायपुर में सुबह के वक्त धुंध छाए रहने की संभावना है।

See also  Weather Update: क्रिसमस तक और बढ़ेगी ठिठुरन, छत्तीसगढ़ समेत इन 12 राज्यों में कोल्ड वेव का अलर्ट