रायपुर। प्रदेश भर में धान खरीदी के दौरान नित नए घोटाले सामने आ रहे हैं, कहीं वजन कम होने पर चूहों को दोषी बताया गया तो कहीं वजन बढ़ाने के लिए धान के बोरों को पानी से भिगोया जा रहा है। ऐसा ही एक वाकया रायपुर जिले के मुनरेठी धान खरीदी केंद्र में सामने आया है जहां धान में सूखेपन को कम दिखाने के लिए सैकड़ों बोरियों पर पानी डाले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हरकत में आया जिला प्रशासन
इस संबंध में वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच कराई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए समिति प्रभारी को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा चार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को हटाने की कार्रवाई की गई है।

यह वाकया 1 फरवरी 2026 की शाम लगभग 6.45 से 7.10 बजे के बीच का है, जब धान खरीदी केंद्र परिसर में पाइपलाइन बिछाकर धान की बोरियों पर करीब 25 से 30 मिनट तक पानी डाला गया। उस समय केंद्र में हजारों क्विंटल धान का भंडारण मौजूद था। वीडियो वायरल होते ही उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया वायरल वीडियो की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट में पाया गया कि वीडियो प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, मुनरेठी (पंजीयन क्रमांक 663) से संबंधित है। CCTV फुटेज में चार कर्मचारी सक्रिय दिखाई दिए, जिनमें से एक व्यक्ति पाइप के माध्यम से धान की बोरियों पर पानी डाल रहा था। पूछताछ में कर्मचारियों ने शुरू में चौकिदार के नज़रअंदाज होने का हवाला दिया, लेकिन CCTV फुटेज में उनकी पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड हो चुकी थी। जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते इन कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर दिया:
कुलेश्वर प्रसाद वर्मा – हमाल मुकर्दम
मनहरण रात्रे – रात्रिकालीन चौकीदार (हमाल)
योगेश्वर बंजारे – रात्रिकालीन चौकीदार (हमाल)
संजू ढीढी – धान खरीदी दैनिक कर्मचारी
प्रभारी समिति प्रबंधक पर गिरी गाज
चार स्टाफ को हटाने के साथ ही प्रभारी समिति प्रबंधक चंद्रप्रकाश खंडेलवाल को निलंबित कर दिया गया है और उनका अतिरिक्त प्रभार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर, शाखा चंदखुरी के पर्यवेक्षक विजय कुमार साहू को सौंपा गया है।



