Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने तकनीकी नवाचार करते हुए अब सीधे व्हाट्सएप (WhatsApp) पर बिजली बिल भेजने की सुविधा शुरू कर दी है।
यह सुविधा प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को दफ्तरों के चक्कर काटने और बिल गुम होने की समस्या से निजात दिलाएगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में, जहां इंटरनेट बैंकिंग की पहुंच कम है, वहां व्हाट्सएप के जरिए बिल मिलना और वहीं से भुगतान करना डिजिटल सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। साथ ही, ब्लूटिक आईडी के उपयोग से ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाओं पर भी लगाम लगेगी।
नई व्यवस्था के तहत, जैसे ही आपके घर की मीटर रीडिंग पूरी होगी, तुरंत आपके रजिस्टर्ड नंबर पर PDF फॉर्मेट में बिल भेज दिया जाएगा। उपभोक्ता न केवल इस बिल को डाउनलोड कर सकेंगे, बल्कि संदेश में दिए गए लिंक के माध्यम से एक क्लिक पर तुरंत भुगतान भी कर पाएंगे। खास बात यह है कि यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में उपलब्ध होगी।
डिजिटल धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए बिजली कंपनी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उपभोक्ताओं को बिल केवल CSPDCL की आधिकारिक और वेरीफाइड (Blue Tick) आईडी से ही भेजा जाएगा। मैसेज भेजने वाला आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 होगा। कंपनी ने आगाह किया है कि बिना ब्लूटिक वाले किसी भी अन्य नंबर से आए मैसेज पर भरोसा न करें।
प्रदेश के लगभग 30 लाख व्हाट्सएप यूजर उपभोक्ताओं को पहले चरण में इसका लाभ मिलेगा। अब तक 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर कंपनी के डेटाबेस में रजिस्टर्ड हो चुके हैं। नंबर अपडेट करने के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 या मोर बिजली एप का उपयोग कर सकते हैं।
प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं का नंबर अभी तक अपडेट नहीं है, उनके लिए विशेष अभियान चलाकर डेटाबेस को अपडेट किया जा रहा है। आने वाले समय में अन्य नागरिक सेवाओं को भी इसी तरह व्हाट्सएप से जोड़ने की योजना है।



