टीआरपी डेस्क। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे से दहल गई। थाना सुरीर इलाके के माइलस्टोन 88 पर दिल्ली से कानपुर जा रही एक प्राइवेट बस के यात्रियों को एक बेकाबू कंटेनर ने बेरहमी से रौंद डाला। इस भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की जान चली गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हादसा एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का भयावह परिणाम है। एक्सप्रेसवे पर ‘नो पार्किंग’ जोन में बस रोकना न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि जानलेवा भी साबित होता है। इस घटना ने एक बार फिर यात्रियों और ड्राइवरों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टॉयलेट के लिए रुकी थी बस, पीछे से आया काल
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 3:00 बजे हुआ। यात्रियों से भरी बस दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में यात्रियों द्वारा लघुशंका (टॉयलेट) की मांग पर ड्राइवर ने बस को किसी सुरक्षित ‘ग्रीन जोन’ के बजाय एक्सप्रेसवे के बीच रास्ते में ही खड़ा कर दिया। जैसे ही यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े हुए, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया।



