रायपुर। राजधानी रायपुर में एक कारोबारी तंत्र-मंत्र के फेर में ठगी का शिकार हो गया। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में दो शातिर ठगों ने जमीन कारोबारी को अपने जाल में फंसाकर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के शहर छोड़कर भागने से पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
चिल्ड्रेन्स नोटों से भरा बैग थमाया
गुढ़ियारी के साहू पारा निवासी कारोबारी रुस्तम कुर्रे ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि शातिर ठग पूठा-पाठ के नाम पर असली नोट लेकर नकली चिल्ड्रन नोटों से भरा थैला थमाकर फरार हो गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी राहुल भारती और उसके साथी तथाकथित तांत्रिक मयंक दास के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने दोनों ठगों के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर उन्हें शहर छोड़कर भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को इस बात की भी आशंका है कि यह बड़ा गिरोह हो सकता है, जिसके द्वारा ठगी की और भी वारदातों को अंजाम दिया गया होगा।


