टीआरपी डेस्क। भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के पहले ही दिन सोमवार को एक नया इतिहास रच दिया है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील (India-US Trade Deal) का फ्रेमवर्क जारी होने के बाद निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (Sensex) कारोबार शुरू होते ही 84,000 के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (Nifty) भी 26,000 के बेहद करीब पहुंच गया है।
ट्रेड डील के तहत कई सामानों पर Zero Tariff और अमेरिका द्वारा भारत पर लागू रेसिप्रोकल टैरिफ को 18% करने का प्रस्ताव है। इसका सीधा फायदा छत्तीसगढ़ के स्टील उद्योगों और देश के आईटी सेक्टर को मिलेगा। टैरिफ कम होने से निर्यात (Export) बढ़ेगा, जिससे बड़ी कंपनियों के मुनाफे में बढ़ोतरी होगी और शेयर बाजार में तेजी का यह सिलसिला जारी रह सकता है।
सेंसेक्स और निफ्टी की रिकॉर्ड ओपनिंग
सोमवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स ने करीब 700 अंकों की लंबी छलांग लगाई और 84,314.68 के स्तर पर जा पहुंचा। इसी तरह, निफ्टी भी शुक्रवार के बंद स्तर से उछलकर 25,922 के लेवल तक पहुंच गया। बाजार में इस तेजी के पीछे वैश्विक बाजारों से मिल रहे सकारात्मक संकेत और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की स्पष्ट तस्वीर मुख्य वजह रही।
इन शेयरों ने पकड़ी ‘रॉकेट’ सी रफ्तार
बाजार खुलते ही दिग्गज कंपनियों के शेयरों में खरीदारी की होड़ मच गई। SBI के शेयर में 6.20% की भारी तेजी देखी गई। इसके अलावा Tata Steel और Kotak Bank भी हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। : ट्रेड डील के असर से TCS, Infosys, और HCL Tech जैसे आईटी स्टॉक्स में जबरदस्त रौनक रही। Titan और Reliance के शेयरों में भी तेजी का रुख बना हुआ है। Godrej Properties में करीब 5% और Hindustan Copper में 4.30% की उछाल दर्ज की गई।
वैश्विक बाजारों का मिला साथ
भारतीय बाजार को विदेशी बाजारों से भी ‘ग्रीन सिग्नल’ मिला। जापान का निक्केई (Nikkei) करीब 5% यानी 2400 अंकों की तेजी के साथ 56,600 के पार ट्रेड कर रहा है। वहीं हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजारों में भी 1.50% से 4% तक की तूफानी तेजी देखी गई।


