टीआरपी डेस्क। मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में समर्पण (Surrender) करने के बाद 12 फरवरी 2026 को दिल्ली हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान राजपाल को कड़ी फटकार लगाते हुए सहानुभूति से ऊपर कानून को तरजीह दी है।

राजपाल यादव ने अपनी कॉमेडी से करोड़ों दिलों को जीता है, लेकिन उनका यह मामला उन सभी के लिए एक सबक है जो व्यावसायिक लेन-देन में कानूनी पेचीदगियों को हल्के में लेते हैं। इस संकट की घड़ी में जिस तरह से बॉलीवुड एक साथ खड़ा हुआ है, वह फिल्म इंडस्ट्री की एकजुटता का बड़ा उदाहरण है।

कोर्ट की सख्त टिप्पणी: “आपको 25-30 मौके दिए गए”


सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल के वकील से पूछा कि जब उन्होंने कर्ज लेने की बात कुबूल की थी, तो अब सजा को रद्द करने की मांग क्यों कर रहे हैं? कोर्ट ने कहा, “आपने सालों तक पेमेंट नहीं की और आदेश की अवहेलना की। आपको 25-30 मौके दिए गए, लेकिन आपने भुगतान नहीं किया। कानून सबके लिए बराबर है। राजपाल के वकील ने कहा कि वे 2.10 करोड़ रुपये सुरक्षा राशि (Security Amount) के तौर पर जमा करने को तैयार हैं। उन्होंने परिवार में शादी का हवाला देते हुए जमानत की मांग की है।

See also  एक्टर सलमान खान को फिर जान से मारने की मिली धमकी, इस बार मारने की तारीख का भी किया एलान

सलमान, अजय और सोनू सूद आए मदद को आगे

तिहाड़ जेल जाने से पहले राजपाल यादव का एक भावुक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और वे अकेले इस सिचुएशन से लड़ रहे हैं। इस खबर के वायरल होते ही इंडस्ट्री के बड़े सितारे मदद के लिए सामने आए। अब तक करीब 14 हस्तियों ने राजपाल को आर्थिक सहायता दी है। इनमें सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, सोनू सूद, और अक्षय कुमार (डेविड धवन) शामिल है। बॉलीवुड के साथ ही तेज प्रताप यादव, राव इंद्रजीत सिंह, गायक गुरु रंधावा और मीका सिंह ने भी आर्थिक मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। इसके अलावा फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज ने पूरी इंडस्ट्री से राजपाल की मदद के लिए आगे आने को कहा है।

कैसे शुरू हुआ 9 करोड़ का ये विवाद?


यह पूरा मामला साल 2010 में शुरू हुआ था। फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए राजपाल ने बतौर निर्देशक दिल्ली के एक बिजनेसमैन से 5 करोड़ का लोन लिया था। 2012 में रिलीज हुई यह फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही, जिससे राजपाल भारी कर्ज में डूब गए। 5 करोड़ की यह रकम समय पर न चुका पाने के कारण ब्याज के साथ 9 करोड़ रुपये हो गई। इस मामले में राजपाल पहले भी दो बार जेल जा चुके हैं और अब कोर्ट के अल्टीमेटम के बाद उन्हें सरेंडर करना पड़ा।

See also  ब्रेकिंग न्यूजः शाहरुख के बेटे आर्यन को 7 अक्टूबर तक रहना होगा NCB की रिमांड में, कोर्ट ने कहा- जांच के लिए यह जरूरी