Official trailer launch of RSS documentary film Shatak 100 Years.

टीआरपी डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्षों के ऐतिहासिक सफर को बड़े पर्दे पर उतारने वाली फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। अनिल डी. अग्रवाल की परिकल्पना और आशीष मल्ल के निर्देशन में बनी यह फिल्म संघ के उदय, उसके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान की एक गहरी झलक पेश करती है। ट्रेलर के साथ ही मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट 20 फरवरी, 2026 की भी घोषणा कर दी है।

संघ की विचारधारा और स्वयंसेवकों का एक बड़ा आधार है। संघ के 100 साल पूरे होने के अवसर पर रिलीज हो रही यह फिल्म स्थानीय स्वयंसेवकों और इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के लिए वैचारिक और ऐतिहासिक रूप से बेहद खास होने वाली है।

ट्रेलर में इतिहास की बड़ी घटनाओं का जिक्र

2 मिनट 19 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत महात्मा गांधी की हत्या की घटना से होती है, जिसके बाद कहानी पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के दौर से गुजरते हुए संघ के उदय को दिखाती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने संघ की स्थापना की और किन चुनौतियों का सामना करते हुए हिंदू समाज के हितों के लिए लड़ाई लड़ी।

See also  छत्तीसगढ़ में गांधी नहीं गोडसे का राज, अमित जोगी ने लिखा खत

स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आपातकाल तक का सफर

यह फिल्म केवल एक संगठन की कहानी नहीं है, बल्कि भारत के राजनीतिक बदलावों का दस्तावेज भी है। फिल्म में स्वतंत्रता संग्राम, आपातकाल (Emergency) और विभिन्न सामाजिक चुनौतियों के दौरान संघ की भूमिका को प्रमुखता से फिल्माया गया है। फिल्म का उद्देश्य यह दिखाना है कि कैसे एक छोटे से संगठन ने एक सदी लंबी यात्रा तय कर राष्ट्र निर्माण में अपनी जगह बनाई।

‘शतक’ में क्या होगा खास?

ट्रेलर से साफ है कि फिल्म संघ की वैचारिक नींव और दशकों तक किए गए सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालती है। यह फिल्म 1925 से लेकर वर्तमान समय तक के सफर को समेटे हुए है, जिसमें संगठन के आंतरिक संघर्ष और बाहरी विरोधों को भी स्थान दिया गया है।