दल्लीराजहरा। बालोद जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव में रेप के आरोप में जेल में बंद विचाराधीन कैदी जमानत पर छूटने के बाद सीधे आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और वहां कार्यरत 54 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने उसी परिसर में आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बच्चों को बाहर निकाला, फिर…
बताया जा रहा है कि फरदफोड़ गांव निवासी 57 वर्षीय लखन देवांगन शुक्रवार दोपहर के समय गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। उसने वहां मौजूद बच्चों और सहायिका को बाहर भेज दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उगेश्वरी देवांगन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने केंद्र के भीतर ही फांसी लगाकर जान दे दी।
इस घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच जारी है और हत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

क्या है घटना की मूल वजह..?
जांच में यह सामने आया है कि मृतिका ने आरोपी पर पहले दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिसमें उसे सजा भी हुई थी। आरोपी जनवरी 2026 में ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
गांव में शोक और दहशत
दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस एहतियातन गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।



