टीआरपी डेस्क। राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से आज एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक गत्ता फैक्ट्री में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसमें झुलसकर 7 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। आग इतनी विकराल थी कि रेस्क्यू टीम को मजदूरों के शव मानव कंकाल की स्थिति में मिले हैं।

सोमवार सुबह करीब 9:00 बजे जब फैक्ट्री में काम चल रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

25 मजदूर थे मौजूद, 9 लोग फंसे रह गए

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त फैक्ट्री में कुल 25 मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की गश्त टीम ने फैक्ट्री से धुआं निकले देखते तुरंत मोर्चा संभाला। अतिरिक्त जिलाधिकारी सुमिता मिश्रा ने बताया कि फैक्ट्री में 9 लोग फंसे हुए थे, जिनमें से अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं।प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।

See also  बिग ब्रेकिंग: गांधी परिवार के नजदीकी गुलाम नबी आजाद ने पार्टी से दिया इस्तीफा

पीएम मोदी ने जताया दुख


इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से लिखा गया, “राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना दुखद और बहुत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।

सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख


सीएम भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, “भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ॐ शांति!”

औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल


पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने बताया कि मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद पूरे खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शोक और दहशत व्याप्त है। फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों (Fire Safety Standards) की अनदेखी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

See also  CBI Summons Former J&K Governor -करप्शन से जुड़े मामले में सत्यपाल को CBI ने किया तलब